Rohit Sharma – भारतीय वनडे कप्तान रोहित शर्मा हाल ही में मुंबई के वर्ली में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। जैसे ही फैंस को पता चला, वहां भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
उसी दौरान समर्थकों ने ज़ोर-ज़ोर से “मुंबई चा राजा रोहित शर्मा” के नारे लगाने शुरू कर दिए। लेकिन पूजा के पावन माहौल में यह रोहित को रास नहीं आया। उन्होंने हाथ के इशारे से और फिर दोनों हाथ जोड़कर फैंस से नारे बंद करने की गुजारिश की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
फैंस की प्रतिक्रिया
38 वर्षीय रोहित शर्मा की इस विनम्रता ने फैंस का दिल जीत लिया। एक यूजर ने लिखा, “रोहित की सादगी और नम्रता किसी भी नारे से ज्यादा बड़ी है। वह मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह असली किंग हैं।”
दूसरे ने कहा, “सच्चा राजा वही है जो खुद को नहीं बल्कि बप्पा को पहले रखे।”
एक और यूजर ने रोहित को “संस्कारी और धार्मिक इंसान” बताते हुए कहा, “गणपति पंडाल में रोहित ने कहा—मेरा नाम मत पुकारो, बप्पा का नाम लो। यह है सच्चा सम्मान।”
रोहित का क्रिकेट करियर
रोहित शर्मा मार्च 2025 में आखिरी बार भारत के लिए खेले थे। यह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल था, जहां उनकी अगुवाई में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया। रोहित ने उस मैच में सर्वाधिक 76 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
अब वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक्शन में दिखेंगे, जहां भारत को 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है।
वनडे में रोहित का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा का वनडे करियर अब तक बेहद शानदार रहा है। 273 मैचों में उन्होंने 11,168 रन बनाए हैं, 48.76 के औसत के साथ। उनके नाम 32 शतक और 58 अर्धशतक दर्ज हैं। यही कारण है कि उन्हें वनडे में टीम इंडिया का सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज माना जाता है।