Suthar : फगानिस्तान के खिलाफ कहर बरपाने वाले मानव सुथार को मिला बड़ा इनाम, काउंटी चैंपियनशिप में खेलेंगे

Atul Kumar
Published On:
Suthar

Suthar – अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय युवा स्पिनर मानव सुथार को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर ने इंग्लैंड के प्रतिष्ठित काउंटी क्लब वॉरिकशायर के साथ शॉर्ट-टर्म करार किया है।

वॉरिकशायर ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि मानव सुथार काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो राउंड में टीम का हिस्सा होंगे। वह यॉर्कशायर और सोमरसेट के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में खेलते हुए नजर आएंगे।

डेब्यू टेस्ट में मचाया था धमाल

मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 7 विकेट झटके। पहली पारी में उन्होंने 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर टेस्ट इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

अफगानिस्तान टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद मानव सुथार को इंग्लैंड में खेलने का मौका मिला है। भारत के लिए डेब्यू करने से पहले उन्होंने 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 129 विकेट अपने नाम किए थे।

वॉरिकशायर क्लब का मानना है कि सुथार की स्पिन गेंदबाजी टीम के आक्रमण को नई धार देगी और वह टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।

वॉरिकशायर से जुड़कर बेहद उत्साहित हैं सुथार

क्लब की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में मानव सुथार ने कहा कि वह ऐसी टीम से जुड़कर काफी उत्साहित हैं, जिसने इस सीजन में शानदार शुरुआत की है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि वह टीम की सफलता में अपना योगदान दे पाएंगे और इंग्लैंड की परिस्थितियों में खुद को साबित करेंगे।

लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरा सपना रहा: मानव सुथार

मैच के बाद जियो हॉटस्टार से बातचीत में सुथार ने कहा कि बचपन से ही उनका सपना टेस्ट क्रिकेट खेलना था।

उन्होंने कहा,

“जिस दिन से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है। चाहे मैं अंडर-19 क्रिकेट खेल रहा था या रणजी ट्रॉफी, मेरा लक्ष्य हमेशा भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना था।”

उन्होंने यह भी बताया कि पदार्पण के दौरान कुलदीप यादव के प्रेरणादायक शब्द उनके लिए बेहद खास रहे।

गौतम गंभीर और शुभमन गिल ने दी थी खुशखबरी

मानव सुथार ने बताया कि भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें डेब्यू की जानकारी दी थी।

उन्होंने कहा,

“यह बेहद गर्व का पल था क्योंकि जब से मैंने खेलना शुरू किया था, तब से यह मेरा और मेरे पिता का सपना था कि मैं भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलूं।”

आईपीएल के दौरान भी करते रहे लाल गेंद से अभ्यास

इस साल आईपीएल में गुजरात टाइटंस का हिस्सा रहे सुथार ने खुलासा किया कि वह टेस्ट क्रिकेट के लिए पहले से खुद को तैयार कर रहे थे।

उन्होंने कहा,

“जब टीम में मेरा नाम आया, तब मैं आईपीएल के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास कर रहा था और सोच रहा था कि अगर मौका मिला तो मैं कैसे खेलूंगा।”

उनकी मेहनत और तैयारी का नतीजा डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया।

टॉस के बाद फाइनल टीम चाहिए तो, अभी जॉइन करे Cricketyatri का Telegram चैनल- Join Now




Follow Us On